मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मंगलवार को बैंकों से उन्नत प्रौद्योगिकियों, खासकर कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग कर अपनी पहुंच बढ़ाने का आह्वान किया।
इसके साथ ही उन्होंने साइबर सुरक्षा को मजबूत रखने और धोखाधड़ी एवं डेटा के दुरुपयोग से बचाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मल्होत्रा ने सार्वजनिक और चुनिंदा निजी क्षेत्र के बैंकों के प्रबंध निदेशकों (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ छमाही बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक सभी क्षेत्रों और वर्गों की जरूरतों को नई ऊर्जा और विवेकपूर्ण तरीके से पूरा करते रहें।
उन्होंने कहा कि बैंक एआई जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर अपनी पहुंच बढ़ा सकते हैं, परिचालन दक्षता सुधार सकते हैं, लागत घटा सकते हैं और ग्राहक अनुभव को बेहतर बना सकते हैं। हालांकि, मजबूत साइबर सुरक्षा, आंतरिक नियंत्रण और धोखाधड़ी एवं डेटा दुरुपयोग के खिलाफ प्रभावी सुरक्षा उपाय करने भी अनिवार्य हैं।
आरबीआई गवर्नर ने बैंकों से ग्राहक सेवा में उत्कृष्टता की भावना विकसित करने और बैंकिंग संचालन के केंद्र में ग्राहकों को रखने पर भी जोर दिया।
रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा कि बैठक में डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जे., पूनम गुप्ता, एस.सी. मुर्मू और रोहित जैन सहित विभिन्न विभागों के कार्यकारी निदेशक शामिल हुए।
बैठक में नकली भारतीय मुद्रा की शीघ्र पहचान, म्यूलहंटर के उपयोग को बढ़ावा, केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा, एकीकृत उधारी मंच (यूएलआई), अकाउंट एग्रीगेटर, एफएक्स रिटेल और रिटेल-डायरेक्ट जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
प्रतिभागियों ने इन विषयों के साथ वित्तीय क्षेत्र को प्रभावित करने वाले अन्य मुद्दों पर भी अपने सुझाव साझा किए।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय