इंडेल मनी ने विनोद पणिक्कर को मुख्य वित्त अधिकारी नियुक्त किया
इंडेल मनी ने विनोद पणिक्कर को मुख्य वित्त अधिकारी नियुक्त किया
मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) इंडेल मनी ने बुधवार को विनोद पणिक्कर को मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त करने की घोषणा की।
कंपनी ने बयान में कहा कि यह नियुक्ति 29 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गई है। अपनी नई भूमिका में पणिक्कर वित्तीय रणनीति, पूंजी प्रबंधन और कंपनी संचालन ढांचे की जिम्मेदारी संभालेंगे तथा कंपनी के विस्तार और वृद्धि के अगले चरण में योगदान देंगे।
चार्टर्ड अकाउंटेंट पणिक्कर के पास लगभग 38 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एनबीएफसी, मीडिया एवं मनोरंजन और एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनी) जैसे क्षेत्रों में वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पदों पर काम किया है।
इंडेल मनी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) उमेश मोहनन ने कहा, ‘‘हम विनोद पणिक्कर का इंडेल मनी में मुख्य वित्त अधिकारी के रूप में स्वागत करते हुए प्रसन्न हैं। एनबीएफसी क्षेत्र में उनके विविध अनुभव से हमें अपनी गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।”
वहीं, पणिक्कर ने कहा कि इंडेल मनी से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह कंपनी के विस्तार और नए बाजारों में पहुंच बढ़ाने की रणनीति के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


