नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि भारत और पांच दक्षिण अमेरिकी देशों के व्यापारिक समूह ‘मर्कोसुर’ ने मौजूदा व्यापार समझौते के दायरे का विस्तार करने के लिए वार्ता शुरू करने की घोषणा की है।
मर्कोसुर लातिनी अमेरिका का एक व्यापारिक समूह है, जिसमें ब्राजील, अर्जेंटीना, बोलीविया, उरुग्वे और पराग्वे शामिल हैं। भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौता (पीटीए) एक जून, 2009 को लागू हुआ था।
इस समझौते के तहत भारत द्वारा 450 शुल्क श्रेणियों या उत्पाद श्रेणियों पर और मर्कोसुर की ओर से 452 शुल्क श्रेणियों पर तरजीही सीमा शुल्क रियायतें दी जाती हैं। अब दोनों पक्ष इस समझौते के दायरे का विस्तार करना चाहते हैं।
मंत्रालय ने बताया कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेतकिन ने भारत और मर्कोसुर के बीच तरजीही व्यापार समझौते के विस्तार के लिए बातचीत शुरू करने की घोषणा की।
मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने अपने आर्थिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने और अपने निजी क्षेत्रों के बेहतर लाभ के लिए मौजूदा समझौते का दायरा बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय