सोनोवाल ने अधिकारियों से प्रमुख बंदरगाहों पर खाली जमीन का ब्योरा तैयार करने को कहा

Ads

सोनोवाल ने अधिकारियों से प्रमुख बंदरगाहों पर खाली जमीन का ब्योरा तैयार करने को कहा

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 07:56 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 07:56 PM IST

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को अधिकारियों से प्रमुख बंदरगाहों पर खाली पड़ी जमीन का व्यापक ब्योरा (डेटाबेस) तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में विस्तार की जरूरतों के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध रहे और किसी तरह की बाधा न आए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सोनोवाल ने बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के प्रमुख सुधारों और जारी परियोजनाओं की समीक्षा की तथा सुधारों और बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने लोगों को सुधारों के जमीनी स्तर पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया। खासकर उन तटीय समुदायों के बीच जागरूकता बढ़ाने को कहा जो मछली पकड़ने और इससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियों पर निर्भर हैं। इसके अलावा प्रमुख जलमार्गों के किनारे रहने वाले नदी तटीय समुदायों को भी इन सुधारों के प्रभावों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

सभी प्रमुख जारी परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए सोनोवाल ने दोहराया कि लक्ष्यों को समय पर हासिल करना अनिवार्य होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में देरी से बचने का निर्देश दिया।

बैठक में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर, मंत्रालय के सचिव विजय कुमार और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

भाषा योगेश अजय

अजय

अजय