(तस्वीरों के साथ)
ब्रसेल्स, 16 मार्च (भाषा) यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन ने सोमवार को कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) और भारत हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और सुरक्षा साझेदारी को प्रभावी ढंग से लागू करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
उनकी यह टिप्पणी विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक के बाद आई। जयशंकर 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ के अपने समकक्षों के साथ चर्चा के लिए ब्रसेल्स की दो-दिवसीय यात्रा पर हैं।
फॉन डेर लायन ने जयशंकर के साथ अपनी ‘सफल बैठक’ के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘जनवरी में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के दौरान हमने अपने एफटीए, जिसे सबसे महत्वपूर्ण समझौता (मदर ऑफ ऑल डील्स) कहा गया है, को अंतिम रूप दिया और एक सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी पर हस्ताक्षर किए थे।’
उन्होंने कहा, ‘अब हमारा ध्यान इसके कुशल कार्यान्वयन पर है, ताकि जल्द से जल्द यूरोप और भारत के लोगों को इसका लाभ मिल सके।’
भारत और यूरोपीय संघ ने 27 जनवरी को इस व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी।
बैठक के दौरान फॉन डेर लायन और जयशंकर ने पश्चिम एशिया और यूक्रेन के घटनाक्रम पर भी चर्चा की।
इस संदर्भ में यूरोपीय संघ की प्रमुख ने कहा कि तनाव में कमी लाना, स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा दोनों पक्षों के साझा उद्देश्य हैं।
भाषा सुमित प्रेम
प्रेम