‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई’ में भारत ने भेजा अब तक का सबसे बड़ा दल, जिंदल स्टील आधिकारिक प्रायोजक

Ads

'वर्ल्डस्किल्स शंघाई' में भारत ने भेजा अब तक का सबसे बड़ा दल, जिंदल स्टील आधिकारिक प्रायोजक

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 03:20 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 03:20 PM IST

चंडीगढ़, 22 सितंबर (भाषा) शंघाई में 22 सितंबर से शुरू हो रही वैश्विक कौशल प्रतियोगिता ‘वर्ल्डस्किल्स 2026’ में भाग लेने के लिए भारत ने अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजा है। ‘कौशल के ओलंपिक’ के रूप में पहचानी जाने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का 70 सदस्यीय दल 63 कौशल श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।

एक बयान के अनुसार भारतीय दल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ाएगा।

भारत पहली बार ड्रोन प्रौद्योगिकी (मानवरहित हवाई प्रणाली), सॉफ्टवेयर परीक्षण और डेंटल प्रोस्थेटिक्स सहित 11 अत्याधुनिक एवं भविष्योन्मुखी कौशल क्षेत्रों में अपनी दावेदारी पेश करेगा।

वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे इन युवा कौशल दिग्गजों को समर्थन देने के लिए जिंदल स्टील आधिकारिक प्रायोजक के रूप में आगे आई है।

भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए कुरुक्षेत्र से सांसद और जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने युवा सशक्तीकरण और राष्ट्रीय प्रगति की भावना को रेखांकित किया।

जिंदल ने कहा, ”भारत के युवा आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्टता हासिल करने के दृढ़ संकल्प का प्रतीक हैं। हमें वर्ल्डस्किल्स शंघाई, 2026 में भारतीय दल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने और उनका समर्थन करने पर गर्व है।”

यह प्रतियोगिता 22 से 27 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय