अवैध व्यापार, नकली सामान रोक रहे भारत की राहः न्यायमूर्ति विश्वनाथन
अवैध व्यापार, नकली सामान रोक रहे भारत की राहः न्यायमूर्ति विश्वनाथन
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के वी विश्वनाथन ने शुक्रवार को कहा कि अवैध व्यापार और नकली सामान की जटिल समस्या एक वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में अपनी क्षमता हासिल करने की दिशा में भारत की राह में बाधा खड़ी कर रही है।
न्यायमूर्ति विश्वनाथन ने यहां उद्योग मंडल फिक्की के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अवैध व्यापार एक जटिल समस्या बन गई है जो आतंक के वित्तपोषण और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा देती है।
उन्होंने ‘न्यायिक हस्तक्षेप की ताकत: जालसाजी और तस्करी से निपटने के मौजूदा रुझान एवं रणनीतियां’ विषय पर केंद्रित अपने भाषण में कहा, ‘यह सम्मेलन अवैध व्यापार से उत्पन्न खतरे की गंभीरता और आतंक के वित्तपोषण के साथ इसके आपसी संबंधों को बताता है। यह सभी संबंधित पक्षों से उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए व्यापक उपाय करने का आग्रह करता है।’
न्यायमूर्ति ने कहा, ‘यह अब खासा अहम है क्योंकि यह अर्थव्यवस्था को बाधित करके और संसाधनों को हटाकर वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में अपनी क्षमता हासिल करने की दिशा में भारत की राह में बाधा डालता है।’
उन्होंने कहा कि जालसाजी और तस्करी तेजी से एक आकर्षक व्यवसाय बन गया है। प्रौद्योगिकी के एकीकरण एवं उसके अनुप्रयोग के साथ दोनों अवैध गतिविधियों के तौरतरीकों में एक महत्वपूर्ण बदलाव आया है।
न्यायमूर्ति विश्वनाथन ने कहा कि नीति-निर्माता नकली उत्पादों पर अंकुश लगाने के लिए असली उत्पादों पर समुचित कर का तरीका अपना सकते हैं।
न्यायमूर्ति विश्वनाथन ने कहा कि न्यायपालिका या न्यायिक हस्तक्षेप इस खतरे से निपटने के घटकों में से एक है लेकिन इस समस्या को व्यापक रूप से संबोधित करना होगा।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


