उद्योग जगत ने शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर जताई पश्चिम बंगाल में तेज वृद्धि की उम्मीद

Ads

उद्योग जगत ने शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर जताई पश्चिम बंगाल में तेज वृद्धि की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 04:20 PM IST

कोलकाता, नौ मई (भाषा) उद्योग जगत के दिग्गजों ने शनिवार को शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी और राज्य में वृद्धि के नए दौर की उम्मीद जताई।

आरपीजी समूह के चेयरमैन संजीव गोयनका ने इसे पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि राज्य को शुभेंदु अधिकारी से काफी उम्मीदें हैं।

गोयनका ने कहा कि उनका पश्चिम बंगाल से भावनात्मक जुड़ाव है और वह राज्य के विकास में हरसंभव योगदान देने के इच्छुक हैं।

आईटीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी ने भी शुभेंदु अधिकारी और नवगठित मंत्रिपरिषद को शुभकामनाएं दीं।

पुरी ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में राज्य वृद्धि और समृद्धि के नए दौर का साक्षी बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र का विकसित भारत का दृष्टिकोण राज्य की प्रगति के लिए प्रेरणा का काम करेगा।

पुरी ने कहा, “कोलकाता मुख्यालय वाले एक भारतीय समूह के रूप में आईटीसी पिछले एक सदी से अधिक समय से राज्य से जुड़ा हुआ है। कृषि, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में अपनी बढ़ती मौजूदगी के जरिए कंपनी राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास की यात्रा में साझेदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है।”

भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स (कोलकाता) के अध्यक्ष नरेश पचीसिया ने शपथ ग्रहण को सिर्फ संवैधानिक बदलाव नहीं बल्कि बंगाल की प्रगति, समृद्धि, स्थिरता और नए विश्वास की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया।

उन्होंने कहा कि चुनावी जनादेश उन लाखों लोगों की आकांक्षाओं को दर्शाता है, जिन्होंने विकास, पारदर्शी शासन, औद्योगिक पुनरुत्थान, रोजगार सृजन और सामाजिक सौहार्द पर आधारित भविष्य में विश्वास जताया है।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय