पाकिस्तान में अस्थिरता ने आर्थिक वृद्धि को बाधित किया, संरचनात्मक सुधार जरूरी: वित्त मंत्री

Ads

पाकिस्तान में अस्थिरता ने आर्थिक वृद्धि को बाधित किया, संरचनात्मक सुधार जरूरी: वित्त मंत्री

  •  
  • Publish Date - November 24, 2023 / 05:30 PM IST,
    Updated On - November 24, 2023 / 05:30 PM IST

इस्लामाबाद, 24 नवंबर (भाषा) पाकिस्तान के कार्यवाहक वित्त मंत्री शमशाद अख्तर ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता ने देश की आर्थिक वृद्धि को काफी बाधित किया है।

उन्होंने कहा कि नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को संरचनात्मक सुधारों की जरूरत है।

मंत्री ने बृहस्पतिवार को यहां सतत विकास सम्मेलन (एसडीसी) को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दशक में संरचनात्मक सुधारों में देरी, लंबी कार्रवाइयों और बाहरी झटकों के कारण व्यापक आर्थिक स्थिरता को नुकसान पहुंचा।

समाचार पत्र बिजनेस रिकॉर्डर ने अख्तर के हवाले से कहा कि अंतरराष्ट्रीय जिंस कीमतों में वृद्धि और नकदी की सख्त स्थिति जैसे आर्थिक झटकों के कारण अर्थव्यवस्था कमजोर हुई।

मंत्री ने कहा, ”अस्थिर ऋण स्थिति के कारण जोखिम बढ़ गया है… दो दशकों में सबसे बड़े राजकोषीय और व्यापार घाटे ने ऋण की स्थिति को कमजोर कर दिया। वित्त वर्ष 2022-23 में ऋण भुगतान की लागत एफबीआर राजस्व के मुकाबले 74 प्रतिशत तक बढ़ गई है।”

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण भी संवेदनशीलता बढ़ी है। वैश्विक तापमान वृद्धि मॉडल का अनुमान है कि आने वाले दशकों में पाकिस्तान का मौसम और भी अधिक अस्थिर हो जाएगा। वर्ष 2090 तक तापमान में औसतन 1.3 प्रतिशत से 4.9 प्रतिशत तक की वृद्धि होगी।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण