नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) नियामक इरडा ने बीमा कंपनियों से कहा है कि वे प्रबंध निदेशकों, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) और अन्य वरिष्ठ प्रबंधन कर्मियों के वेतन पैकेज को ग्राहक-केंद्रित परिणामों के साथ ही कंपनी की वित्तीय स्थिति से जोड़ें। ग्राहक केंद्रित परिणामों में दावों को लेकर प्रतिक्रिया और शिकायतों का निपटान शामिल है।
भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने इरडा (बीमाकर्ताओं के लिए कंपनी प्रशासन) विनियमन, 2024 में संशोधन किए हैं।
नियामक ने प्रमुख प्रबंधन व्यक्तियों के पारिश्रमिक संबंधी एक परिपत्र में प्रबंध निदेशक और सीईओ तथा अन्य सभी निदेशकों और अन्य वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारियों के पारिश्रमिक पैकेज (प्रोत्साहन सहित) के आधार मापदंडों की रूपरेखा तैयार की है।
नए नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
इरडा ने मंगलवार को बयान में कहा कि प्रदर्शन मापदंडों में संशोधन ग्राहक विश्वास को मजबूत करने, पारदर्शिता में सुधार करने और पूरे क्षेत्र में जवाबदेही को मजबूत बनाने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
इन मापदंडों में वित्तीय मजबूती, उत्पादों का प्रदर्शन, दावों पर त्वरित प्रतिक्रिया, समय पर शिकायत निवारण और बीमाकर्ताओं और उनके वितरकों की वेबसाइट से अवैध गतिविधियों को हटाना शामिल है।
दिशानिर्देश में सभी बीमा कंपनियों के पारिश्रमिक के लिए अपनाए गए मापदंडों के संबंध में बीमाकर्ताओं के प्रदर्शन का खुलासा करना भी अनिवार्य है।
कुछ अनिवार्य खुलासे तिमाही आधार पर किए जाने हैं, जबकि कुछ मासिक आधार पर कंपनी की वेबसाइट पर आसानी से सुलभ और समझने योग्य तरीके से उपलब्ध कराए जाने हैं। इन खुलासों को जानने के लिए संबंधित व्यक्ति के फोन नंबर सहित व्यक्तिगत विवरण नहीं मांगा जाएगा।
वित्तीय मजबूती से संबंधित जानकारी तिमाही आधार पर, जबकि उत्पादों के प्रदर्शन, दावों पर त्वरित प्रतिक्रिया और शिकायत निवारण से संबंधित जानकारी मासिक आधार पर उपलब्ध कराई जानी है।
इरडा के चेयरमैन अजय सेठ ने कहा कि ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं और अर्थव्यवस्था की जरूरतों को देखते हुए हमें ग्राहक परिणामों, निर्णय में पारदर्शिता, जवाबदेही और सतत मूल्य सृजन पर अधिक जोर देना होगा।’’
उन्होंने कहा कि ऐसे में, संशोधित प्रदर्शन रूपरेखा पारंपरिक परिचालन और वित्तीय मापदंडों से आगे बढ़कर ग्राहक-केंद्रित और शासन-उन्मुख परिणामों पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी।
भाषा रमण अजय
अजय