गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में 3.34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, 3,759 एमओयू पर हस्ताक्षर

Ads

गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में 3.34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, 3,759 एमओयू पर हस्ताक्षर

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 05:40 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 05:40 PM IST

वडोदरा, 30 जून (भाषा) वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (वीजीआरसी) के चौथे संस्करण के दौरान कुल 3,759 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें 3.34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।

इन समझौतों से करीब दो लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को कहा कि ये निवेश राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उच्च वृद्धि, प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने और रोजगार सृजन के लक्ष्यों को हासिल करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

दो दिवसीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के मिशन में अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा, “इस चौथे क्षेत्रीय सम्मेलन में 3,759 एमओयू पर 3.34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के साथ हस्ताक्षर किए गए, जिससे अनुमानित 1.97 लाख रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है।”

पटेल ने कहा कि ‘रीजनल एस्पिरेशन, ग्लोबल एम्बिशन’ विषय पर आधारित यह सम्मेलन औद्योगिक विकास को बड़े शहरों से आगे बढ़ाकर छोटे कस्बों और गांवों के उद्यमियों, उद्योगों और युवाओं तक अवसर पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

दो दिवसीय इस आयोजन का मंगलवार को समापन हुआ।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन’ दृष्टिकोण को श्रेय देते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को अनुकूल नीतिगत वातावरण मिला है।

भाषा योगेश अजय

अजय