शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 250 अंक और टूटा

Ads

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 250 अंक और टूटा

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 05:47 PM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), पेट्रोलियम एवं गैस तथा चुनिंदा बैंकिंग शेयरों में बिकवाली के बीच अमेरिका-ईरान के बीच दोहा में होने वाली वार्ता के अगले दौर को लेकर अनिश्चितता से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाते हुए 249.70 अंक यानी 0.33 प्रतिशत टूटकर 76,478.67 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 398.98 अंक यानी 0.51 प्रतिशत टूटकर 76,329.39 अंक तक आ गया था।

एनएसई निफ्टी भी 80.50 अंक यानी 0.34 प्रतिशत फिसलकर 23,865.75 अंक पर बंद हुआ।

विश्लेषकों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा बिकवाली तथा प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में कमजोरी से बाजार की धारणा प्रभावित हुई।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, मारुति, टाइटन, बजाज फाइनेंस और इटर्नल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘ भू-राजनीतिक चिंताएं कुछ कम हुई हैं, लेकिन अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की नाजुक स्थिति निवेशकों की धारणा पर असर डाल रही है जिससे बाजार को स्पष्ट दिशा नहीं मिल पा रही।’’

उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा, लेकिन आईटी क्षेत्र सबसे अधिक दबाव में रहा।

व्यापक बाजार में भी तेजी रही। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.59 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट 0.46 प्रतिशत चढ़ा।

क्षेत्रवार सूचकांकों में बीएसई फोकस आईटी सबसे अधिक 2.62 प्रतिशत लुढ़का। इसके बाद आईटी (2.48 प्रतिशत), पीएसयू बैंक (0.68 प्रतिशत), बैंकेक्स (0.25 प्रतिशत), टॉप-10 बैंक (0.23 प्रतिशत), धातु (0.18 प्रतिशत), यूटिलिटी (0.12 प्रतिशत) में गिरावट दर्ज की गई।

वहीं, रियल्टी सूचकांक 1.23 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा सेवा (1.01 प्रतिशत), टिकाऊ उपभोक्ता सामान (0.98 प्रतिशत) भी बढ़त में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे जबकि हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान के साथ बंद हुआ।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा।

अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कम्पोजिट 2.07 प्रतिशत और एसएंडपी 500 सूचकांक 1.18 प्रतिशत चढ़ा था।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.32 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स सोमवार को 372.10 अंक और निफ्टी 109.75 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

भाषा निहारिका अजय

अजय