जियो फाइनेंशियल, एलियांज ग्रुप बनाएंगे बीमा कारोबार के लिए संयुक्त उद्यम

Ads

जियो फाइनेंशियल, एलियांज ग्रुप बनाएंगे बीमा कारोबार के लिए संयुक्त उद्यम

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 10:08 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 10:08 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और जर्मनी के एलियांज ग्रुप ने बुधवार को तेजी से बढ़ते भारतीय बीमा क्षेत्र में सेवाएं देने के लिए 50:50 की हिस्सेदारी वाला एक प्राथमिक बीमा संयुक्त उद्यम बनाने के लिए पक्का समझौता किया है। यह उद्यम साधारण बीमा और स्वास्थ्य बीमा से जुड़ी सेवाएं देगा।

इस बाध्यकारी समझौते के जरिये उस साझेदारी को औपचारिक रूप दिया गया है, जिसकी घोषणा पहली बार जुलाई 2025 में की गई थी। यह घोषणा एलियांज ग्रुप द्वारा बजाज फिनसर्व के साथ अपनी साझेदारी खत्म करने के तुरंत बाद की गई थी।

एक संयुक्त बयान में कहा गया कि यह साझेदारी दो अत्यधिक भरोसेमंद वित्तीय सेवा ब्रांडों को एक साथ लाएगी, जो भारत के लोगों और व्यवसायों की विशिष्ट जरूरतों के अनुरूप नए और सुलभ सुरक्षा समाधान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इसमें कहा गया कि भारत में ग्राहकों को जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) की व्यापक डिजिटल पहुंच और भारतीय बाजार की गहरी समझ तथा एलियांज के उच्च गुणवत्ता वाले बीमा उत्पादों और विशेषज्ञता के संयोजन का लाभ मिलेगा।

बयान के अनुसार आवश्यक वैधानिक और नियामक मंजूरी मिलने के बाद यह संयुक्त उद्यम अपना परिचालन शुरू करेगा। साथ ही, जेएफएसएल और एलियांज भारत में जीवन बीमा व्यवसाय के लिए एक अलग बाध्यकारी समझौते पर भी काम कर रहे हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि बीमा केवल एक उत्पाद नहीं है, बल्कि यह वह नींव है जिस पर परिवार आत्मविश्वास के साथ अपना भविष्य बनाते हैं और बिना किसी डर के अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम होते हैं।

उन्होंने कहा, ”2047 तक सभी के लिए बीमा एक राष्ट्रीय मिशन है, और जिस भी संस्थान को भारतीय लोगों का भरोसा मिला है, उसका कर्तव्य है कि वह इसे पूरा करे। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ऐसा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

जियो फाइनेंशियल के प्रवर्तक अंबानी ने कहा, ”मेरा मानना है कि जियो की बेजोड़ डिजिटल उपभोक्ता पहुंच और एलियांज की गहरी वैश्विक बीमा विशेषज्ञता का संयोजन बेहद शक्तिशाली है।”

एलियांज एसई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओलिवर बेट ने कहा, ”हमारी विशेषज्ञता और सेवाओं को जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की बेजोड़ पहुंच और क्षमताओं के साथ जोड़कर, हम भारत के लिए एक अधिक मजबूत और वित्तीय रूप से सुरक्षित भविष्य बनाएंगे।”

भाषा पाण्डेय रमण

रमण