नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) वृद्धि के अगले चरण को गति देने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई), डिजिटल मंच और वैश्विक वित्तीय दिग्गज कंपनियों ब्लैकरॉक तथा आलियांज के साथ गठजोड़ पर दांव लगा रही है।
कंपनी ने कहा कि ब्लैकरॉक और आलियांज के साथ उसकी साझेदारियों के वित्त वर्ष 2026-27 में और मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे देश भर में इसके परिसंपत्ति प्रबंधन और बीमा पेशकश को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जेएफएसएल के चेयरमैन के वी कामत ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 में ब्लैकरॉक और आलियांज जैसे वैश्विक दिग्गजों के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारियां और परिपक्व होंगी।’’
उन्होंने कहा कि वित्तीय सेवा उद्योग में एक मौलिक बदलाव आ रहा है, जहां पारंपरिक प्रतिस्पर्धी लाभ को प्रौद्योगिकी-संचालित मंचों द्वारा तेजी से चुनौती दी जा रही है।
कामत ने कहा, ‘‘भविष्य पारंपरिक बैंकों या गैर-बैंकों का नहीं होगा, बल्कि उन मंचों का होगा जो लोगों को उनकी जरूरतों से – प्रासंगिक, सहज और बुद्धिमत्तापूर्ण तरीके से जोड़ते हैं।’’
उन्होंने कहा कि बचतकर्ता तेजी से निवेशक बन रहे हैं और अपनी पूंजी को प्रौद्योगिक संचालित वित्तीय उत्पादों की ओर स्थानांतरित कर रहे हैं। इससे जटिल आईटी प्रणालियों के बोझ तले दबी पारंपरिक वित्तीय संस्थाओं पर डिजिटल आधारित खिलाड़ियों के साथ तालमेल बनाए रखने का दबाव बन रहा है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय