जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक ने 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से इलेक्ट्रिक बस-ट्रक ब्रांड ‘एम्पस्टार’ पेश किया

Ads

जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक ने 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से इलेक्ट्रिक बस-ट्रक ब्रांड ‘एम्पस्टार’ पेश किया

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:07 PM IST

मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) जेएसडब्ल्यू समूह की वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक वाहन इकाई जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक ने मंगलवार को कहा कि उसने अपने कारोबार में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है और इलेक्ट्रिक बस एवं ट्रक के डिजाइन, विनिर्माण और बिक्री के लिए ‘एम्पस्टार’ ब्रांड पेश किया है।

कंपनी ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक विनिर्माण संयंत्र भी स्थापित किया है, जिसकी सालाना क्षमता 15,000 इलेक्ट्रिक बस एवं ट्रक के उत्पादन की है।

कंपनी के मुताबिक, एम्पस्टार ब्रांड के वाहन महाराष्ट्र में उसकी 90 एकड़ के एकीकृत इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) विनिर्माण संयंत्र में बनाए जाएंगे। संयंत्र में बसो के विनिर्माण के लिए प्री-ट्रीटमेंट और इलेक्ट्रो-डिपोजिशन (पीटी-ईडी) प्रक्रिया, ट्रक के केबिन के लिए स्वचालित उत्पादन लाइन तथा एकीकृत बैटरी प्रणाली होगी।

जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों के जरिये भारत में उत्पादित बिजली से लोगों और माल की आवाजाही को बढ़ावा देना है।

जेएसडब्ल्यू समूह के पार्थ जिंदल ने कहा, ‘‘हमने इस संयंत्र में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसकी सालाना क्षमता 15,000 इकाइयों के उत्पादन की है और बस एवं ट्रक के उत्पादन के लिए इसका लचीले ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है।’’

कंपनी ने कहा कि बस की श्रेणी में सात मीटर से 18 मीटर तक के मॉडल होंगे। ये मॉडल कर्मचारी परिवहन, शहरी एवं अंतर-शहरी परिवहन तथा स्कूली परिवहन के लिए होंगे।

ट्रक के मामले में कंपनी शुरुआत में 55 टन क्षमता वाला ट्रैक्टर-ट्रेलर पेश करेगी। आने वाले महीनों में ट्रक श्रेणी में टिपर और फिक्स्ड-बॉडी डंपर भी जोड़ने की योजना है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय