नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) परिवहन समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी केपीआईटी टेक्नोलॉजीज का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 31.83 प्रतिशत घटकर 117.17 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 171.89 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 8.85 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,674.99 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,538.76 करोड़ रुपये थी।
इससे पिछली तिमाही की तुलना में कंपनी के मुनाफे और आय में क्रमशः 28 प्रतिशत और दो प्रतिशत की गिरावट आई।
चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी को विदेशी मुद्रा विनिमय में 16.27 करोड़ रुपये का नुकसान भी हुआ।
केपीआईटी टेक्नोलॉजीज के सह-संस्थापक, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक किशोर पाटिल ने कहा, ‘‘हालांकि, हमारे कुछ बड़े ग्राहकों पर अब भी दबाव बना हुआ है, लेकिन ग्राहकों, इलाकों, परिवहन खंडों और सेवाओं में विविधता लाने की रणनीति से परिणाम मिलने शुरू हो गए हैं। कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित उत्पादों और समाधान अब हमारे पोर्टफ़ोलियो का अहम हिस्सा बन गए हैं।’’
चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही तक कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 12,303 थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में 12,520 और वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में 12,545 थी।
भाषा यासिर अजय
अजय