नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने बुधवार को कहा कि दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘ऐट द टॉप’ की ऑनलाइन बुकिंग के लिए अब यूपीआई से भुगतान शुरू हो गया है।
दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा की ऊपरी मंजिलों पर स्थित ‘ऐट द टॉप’ वह जगह है जहां से पर्यटक पूरे शहर का नजारा ऊपर से देखते हैं। हर साल यहां भारत सहित दुनियाभर से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय इकाई एनआईपीएल ने बयान में कहा कि यह पहल नियोपे और एमार एंटरटेनमेंट के सहयोग से शुरू की गई है।
एनआईपीएल ने कहा कि इस सुविधा के जरिये भारतीय पर्यटक अब ‘बुर्ज खलीफा’ में उपलब्ध अनुभवों की बुकिंग उसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकेंगे और भुगतान यूपीआई से कर पाएंगे।
यह कदम संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नियोपे के साथ एनआईपीएल की मौजूदा साझेदारी को और मजबूत करता है। वर्ष 2022 में यूएई में क्यूआर-आधारित यूपीआई व्यापारी भुगतान की शुरुआत के बाद से भारतीय यात्री नियोपे के मर्चेंट नेटवर्क पर यूपीआई-सक्षम ऐप के जरिये भुगतान कर रहे हैं।
बयान के मुताबिक, अब पर्यटक अपनी यात्रा से पहले ही वेबसाइट पर जाकर विभिन्न अनुभव चुन सकते हैं और यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं, जिससे यात्रा की योजना बनाना अधिक सरल और सुविधाजनक हो जाएगा।
एनपीसीआई इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ऋतेश शुक्ला ने कहा, “ऐट द टॉप, बुर्ज खलीफा के लिए ऑनलाइन बुकिंग में यूपीआई भुगतान सक्षम करने से भारतीय पर्यटकों को अपनी परिचित और भरोसेमंद भुगतान प्रणाली का उपयोग करने में आसानी होगी, वह भी यूएई पहुंचने से पहले ही।”
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय