शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 889 अंक चढ़ा

Ads

शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 889 अंक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 04:39 PM IST

मुंबई, 29 जुलाई (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार तेजी आई और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बीएसई सेंसेक्स 889 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 265 अंक की तेजी रही।

विश्लेषकों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों के ताजा पूंजी प्रवाह से भी बाजार को समर्थन मिला।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत चढ़कर 77,654.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 999.57 अंक चढ़कर 77,765.49 अंक तक पहुंच गया था।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 4.70 प्रतिशत चढ़ा, जबकि इन्फोसिस में 4.50 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट रही।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 755.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे बाजार धारणा को मजबूती मिली।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आज आने वाले नीतिगत फैसले से पहले भारतीय बाजार घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद, बेहतर कॉरपोरेट नतीजों, सूचना प्रौद्योगिकी शेयरों में लगातार खरीदारी और रुपये में मजबूती के साथ बढ़त में रहे। यह तेजी एशियाई बाजारों में कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े प्रौद्योगिकी शेयरों में बिकवाली और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच आई है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.79 प्रतिशत बढ़कर 87.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.98 प्रतिशत टूटा, जबकि जापान का निक्की भी गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट थी जबकि मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।

सेंसेक्स मंगलवार को 69.86 अंक और निफ्टी 10.60 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था।

भाषा रमण अजय

अजय