नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के पाठ की कानूनी समीक्षा अगले 15-20 दिन में पूरा होने की उम्मीद है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। कानूनी समीक्षा के बाद समझौते पर इस वर्ष के अंत तक हस्ताक्षर होने और अगले वर्ष इसके लागू होने की संभावना है।
गोयल ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि वह 14-15 जुलाई को ब्रसेल्स जाएंगे, जहां व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की बैठक में भाग लेंगे और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष तथा विभिन्न क्षेत्रों के अपने समकक्षों से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत पहले ही अपने उत्पादों, वस्तुओं और सेवाओं के प्रचार के लिए यूरोप में कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भेजना शुरू कर चुका है, ताकि समझौते का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि इस एफटीए को 2027 की पहली तिमाही तक लागू करने का प्रयास है ताकि 27 विकसित देशों के बाजार भारतीय कारोबार के लिए खुलें और निर्यात को बढ़ावा मिले।
गोयल ने बताया कि भारत का चमड़ा और उससे जुड़े उत्पादों का निर्यात 4-4.5 अरब डॉलर तक पहुंच गया है और एफटीए से विकसित देशों में इस क्षेत्र के लिए बड़े अवसर पैदा होंगे। उन्होंने उद्योग से अगले 5-6 साल में 15 अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखने को कहा।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय