लेंसकार्ट का पहली तिमाही का मुनाफा बढ़कर 222 करोड़ रुपये, राजस्व में 43 प्रतिशत की वृद्धि

लेंसकार्ट का पहली तिमाही का मुनाफा बढ़कर 222 करोड़ रुपये, राजस्व में 43 प्रतिशत की वृद्धि

लेंसकार्ट का पहली तिमाही का मुनाफा बढ़कर 222 करोड़ रुपये, राजस्व में 43 प्रतिशत की वृद्धि
Modified Date: August 12, 2026 / 08:02 pm IST
Published Date: August 12, 2026 8:02 pm IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) चश्मे की खुदरा बिक्री करने वाली कंपनी लेंसकार्ट का चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ कई गुना होकर 221.84 करोड़ रुपये हो गया।

वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 60.08 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 43.3 प्रतिशत बढ़कर 2,714.18 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,894.46 करोड़ रुपये थी।

भारत से कंपनी का राजस्व 30.7 प्रतिशत बढ़कर 1,531 करोड़ रुपये, जबकि अंतरराष्ट्रीय कारोबार से राजस्व 38 प्रतिशत बढ़कर 1,203 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने समीक्षाधीन तिमाही के दौरान 132 नए स्टोर खोले, जिससे उसके सक्रिय स्टोर की कुल संख्या बढ़कर 3,459 हो गई।

कंपनी के निदेशक मंडल ने चीन में फ्रेम बनाने वाले अपने संयुक्त उद्यम बाओफेंग फ्रेमकार्ट टेक्नोलॉजी लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी 51 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत करने को मंजूरी दे दी है। अतिरिक्त हिस्सेदारी का अधिग्रहण करीब 75 लाख चीनी युआन (लगभग 10.6 करोड़ रुपये) में किया जाएगा।

कंपनी ने दक्षिण कोरिया में ‘ओनडेज कोरिया’ और चीन में ‘वेनझोउ फ्रेमकार्ट ट्रेड कंपनी लिमिटेड’ नाम से अनुषंगी कंपनियां गठित करने की भी घोषणा की।

इसके अलावा, निदेशक मंडल ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनियों डील्सकार्ट ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और लेंसकार्ट आईटेक प्राइवेट लिमिटेड का लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड में विलय करने की योजना को मंजूरी दे दी।

कंपनी ने बताया कि गूगल जेमिनी एकीकरण वाली 22,000 रुपये कीमत की उसकी स्मार्ट चश्मा श्रृंखला ‘बी बाय लेंसकार्ट’ के लिए पंजीकरण कराने वालों की संख्या 80,000 को पार कर गई है।

लेंसकार्ट के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीयूष बंसल ने कहा कि कंपनी का ध्यान प्रतिस्पर्धा के बजाय बाजार तैयार करने पर है।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में