मध्य प्रदेश सरकार ने एनालॉग पनीर पर रोक लगाई
मध्य प्रदेश सरकार ने एनालॉग पनीर पर रोक लगाई
भोपाल, 12 अगस्त (भाषा) मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में एनालॉग (कृत्रिम) पनीर पर रोक लगाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि ऐसे खाद्य पदार्थ बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यादव ने भोपाल में पत्रकारों से कहा कि राज्य में सिर्फ प्राकृतिक पनीर बेचने की इजाज़त होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने मध्य प्रदेश में कृत्रिम (एनालॉग) पनीर की बिक्री पर रोक लगाने का फैसला किया है। दूसरे राज्यों में भी इस पर रोक लगाई गई है। हमारे पास प्राकृतिक दूध से बने उत्पाद हैं, इसलिए हम प्राकृतिक पनीर बनाएंगे। हम इन्हीं उत्पादों के आधार पर राज्य की पहचान बनाएंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश दूध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और एनालॉग पनीर की बिक्री जैसी गतिविधियों को बढ़ावा नहीं देगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात ने हाल ही में एनालॉग पनीर पर रोक लगाई है।
एनालॉग पनीर पारंपरिक डेयरी-आधारित पनीर का एक विकल्प है, जिसमें दूध के घटकों को आंशिक या पूरी तरह से गैर-डेयरी सामग्री, जैसे वनस्पति वसा या प्रोटीन और अन्य उत्पादों से बदल दिया जाता है, जिनका मानव शरीर पर बुरा असर पड़ता है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


