ऋण माफी योजना के किसानों को अब दो लाख रुपये तक की राहत: फडणवीस
ऋण माफी योजना के किसानों को अब दो लाख रुपये तक की राहत: फडणवीस
मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को राज्य की नई किसान कर्ज माफी योजना में बड़ी राहत की घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2019 की महात्मा ज्योतिराव फुले किसान ऋण माफी योजना के तहत पात्र किसानों को अब 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि की जगह दो लाख रुपये तक की कर्ज माफी मिलेगी।
विधानसभा में विपक्ष के पिछले सप्ताह के प्रस्ताव का जवाब देते हुए फडणवीस ने प्रोत्साहन योजना में बदलाव की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि लाभ पाने के लिए किसानों को वित्त वर्ष 2026-27 में फसल ऋण चुकाने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। अब ऐसे किसान भी पात्र होंगे, जिन्होंने पिछले किसी भी दो वर्षों में अपना कर्ज चुकाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्तारूढ़ महायुति के विधायकों ने सरकार से वर्ष 2019 की कर्ज माफी योजना में लागू 50 हजार रुपये की सीमा हटाने का आग्रह किया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा, ‘हमने वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए यह शर्त लागू की थी। इसे हटाने से राज्य के खजाने पर 4,000-5,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। हालांकि, किसानों के व्यापक हित को देखते हुए महात्मा ज्योतिराव फुले ऋण माफी योजना के लाभार्थियों को अब दो लाख रुपये तक की कर्ज माफी देने का फैसला किया गया है।’
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसने तीन बार किसान कर्ज माफी की घोषणा की है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार कर्ज माफी से बैंकिंग व्यवस्था कमजोर हो सकती है, क्योंकि किसान भविष्य में राहत की उम्मीद में कर्ज चुकाना बंद कर सकते हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


