देश में स्वच्छ ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता जून में 22 प्रतिशत बढ़कर 297.36 गीगावाट पर

देश में स्वच्छ ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता जून में 22 प्रतिशत बढ़कर 297.36 गीगावाट पर

देश में स्वच्छ ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता जून में 22 प्रतिशत बढ़कर 297.36 गीगावाट पर
Modified Date: July 10, 2026 / 07:22 pm IST
Published Date: July 10, 2026 7:22 pm IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) भारत की गैर-जीवाश्म यानी स्वच्छ ईंधन आधारित ऊर्जा उत्पादन क्षमता जून 2026 में सालाना आधार पर 22 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 297.36 गीगावाट हो गई है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी मिली।

आंकड़ों के अनुसार, जून 2025 में देश की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता 242.78 गीगावाट थी।

सौर ऊर्जा क्षमता जून 2026 में 162.15 गीगावाट और पवन ऊर्जा क्षमता 57.44 गीगावाट रही। एक साल पहले इसी महीने में सौर ऊर्जा क्षमता 116.25 गीगावाट और पवन ऊर्जा क्षमता 51.67 गीगावाट थी।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने इस उपलब्धि पर कहा कि भारत में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव की गति अभूतपूर्व बनी हुई है।

जोशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि केवल एक साल में देश की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता 116.25 गीगावाट से बढ़कर 162.15 गीगावाट हो गई है, जबकि कुल गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता 242.78 गीगावाट से बढ़कर 297.36 गीगावाट हो गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं पर्यावरण अनुकूल भविष्य के निर्माण की दिशा में काम कर रहा है।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में