ओडिशा में कोयला-से-अमोनियम नाइट्रेट परियोजना विकसित करेगी एलएंडटी

Ads

ओडिशा में कोयला-से-अमोनियम नाइट्रेट परियोजना विकसित करेगी एलएंडटी

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 01:17 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 01:17 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) को सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के संयुक्त उपक्रम से ओडिशा में कोयला-से-अमोनियम नाइट्रेट परियोजना के विकास के लिए 2,500 करोड़ रुपये से 5,000 करोड़ रुपये के बीच का ठेका मिला है।

यह परियोजना प्रतिदिन 2,000 टन अमोनियम नाइट्रेट का उत्पादन कर सकती है, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और ऊर्जा एवं रसायन क्षेत्रों में घरेलू औद्योगिक क्षमता मजबूत होगी।

कंपनी ने बीएसई को दी गई जानकारी में कहा, ‘‘ एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर ने भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (बीसीजीसीएल) से एक बड़ा ठेका हासिल किया है, जो कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के संयुक्त उपक्रम से मिला है।’’

इसमें नाइट्रिक एसिड और अमोनियम नाइट्रेट संयंत्र का विकास शामिल है।

कंपनी सूचना में कहा गया, ‘‘ परियोजना चालू होने के बाद यह संयंत्र प्रतिदिन 2,000 टन उत्पादन क्षमता के साथ कोयले को अमोनियम नाइट्रेट में परिवर्तित करने में सक्षम होगा, जिससे भारत के खनन, बुनियादी ढांचा एवं औद्योगिक क्षेत्रों की बढ़ती जरूरतों को समर्थन मिलेगा।’’

कार्य के दायरे में बेसिक डिजाइन, विस्तृत इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण, समग्र परियोजना प्रबंधन तथा संयंत्र और उसकी सुविधाओं का अंतिम हस्तांतरण शामिल है।

भाषा निहारिका

निहारिका