एलएंडटी ने औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में रखा कदम

Ads

एलएंडटी ने औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में रखा कदम

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 01:49 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 01:49 PM IST

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) ढांचागत क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने शुक्रवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित अपने परिसर में परिचालन शुरू होने के साथ ही औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में कदम रख दिया।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस नए कारोबार को ‘एलएंडटी इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स एंड सिस्टम्स’ (एलटीईपीएस) नाम दिया गया है, जिसका मुख्यालय बेंगलुरु में होगा, जबकि विनिर्माण गतिविधियां कोयंबटूर में संचालित होंगी।

प्रारंभिक चरण में दो विनिर्माण लाइनों की शुरुआत की गई है, जो घरेलू और वैश्विक ग्राहकों को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सेवाएं प्रदान करेंगी।

एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रमण्यन ने कहा, “एलटीईपीएस के माध्यम से हम देश की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पारिस्थितिकी को मजबूत कर रहे हैं और उच्च-वृद्धि वाले, नवाचार-आधारित क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रहे हैं।”

यह नया कारोबार बिजली इलेक्ट्रॉनिक्स, परिवहन, औद्योगिक रोबोटिक्स और स्वचालन, संचार प्लेटफॉर्म तथा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में उत्पादों और प्रणालियों के विकास एवं विनिर्माण पर केंद्रित होगा।

कंपनी ने कहा कि यह इकाई आंतरिक शोध एवं विकास (आरएंडडी), प्रौद्योगिकी साझेदारी और उन्नत परीक्षण ढांचे के संयोजन के साथ बाजार-उन्मुख समाधान विकसित करेगी।

एलएंडटी की आगे चलकर एलटीईपीएस को कोयंबटूर परिसर के 40 एकड़ क्षेत्र में विस्तार देने की योजना है। इससे औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स की समूची मूल्य श्रृंखला—अनुसंधान, उत्पाद विकास, ईएसडीएम, अनुबंध विनिर्माण, डिजाइन, सोर्सिंग, परीक्षण और प्रमाणीकरण को समाहित किया जा सकेगा।

भाषा प्रेम प्रेम

प्रेम