(फाइल फोटो के साथ)
अमरावती, 24 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को अमरावती को राज्य के एक प्रमुख आर्थिक केंद्र और विकास इंजन के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया है।
नायडू ने आंध्र प्रदेश राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एपीसीआरडीए) की 60वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस बात पर जोर दिया कि राजधानी शहर में सभी निर्माणों में तेलुगु संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखनी चाहिए।
बृहस्पतिवार को यहां जारी एक सरकारी बयान में कहा गया है, ‘‘अधिकारियों को अमरावती को आंध्र प्रदेश के लिए एक प्रमुख आर्थिक केंद्र और विकास इंजन के रूप में विकसित करना चाहिए। राजधानी को निवेश और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनना चाहिए, जिसके लिए भव्य इमारतों की योजना बनाई जानी चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राजधानी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का निर्देश दिया, जिसमें अमरावती को विजयवाड़ा से जोड़ने वाली कृष्णा नदी पर बनने वाले पुल का निर्माण भी शामिल है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विधानसभा समेत सरकारी भवनों में विश्व स्तरीय पर्यटक अनुभव उपलब्ध होना चाहिए और उनमें स्थान का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए नवीन डिजाइन होने चाहिए।
नायडू ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए एक समर्पित वित्तीय जिले की स्थापना तथा वहां जल, बिजली और गैस आपूर्ति की समुचित व्यवस्था का भी प्रस्ताव रखा।
इस बीच, सीआरडीए की 60वीं बैठक में क्वांटम वैली में ट्विन टावर्स के लिए 1,208.41 करोड़ रुपये, सचिवालय, सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) और विभागाध्यक्षों (एचओडी) के टावरों के लिए 2,540 करोड़ रुपये और विधानसभा के सिविल कार्यों के लिए 798 करोड़ रुपये समेत प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक