नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) देश की अग्रणी कार विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष में अपने एसयूवी खंड की बिक्री में 25-30 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा है। कंपनी को नए मॉडलों की पेशकश और मजबूत मांग से यह तेजी आने की उम्मीद है।
कंपनी ने शुक्रवार को अपने कॉम्पैक्ट एसयूवी मॉडल ‘ब्रेजा’ का नया संस्करण 7.4 लाख रुपये की शुरुआती शोरूम कीमत पर पेश किया।
मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 20226-27 में एसयूवी बिक्री को कम-से-कम 25-30 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष करीब 5.5 लाख एसयूवी बेचने के बाद कंपनी इस साल इसे बढ़ाकर लगभग सात लाख इकाई तक ले जाने का लक्ष्य रख रही है। इसमें ब्रेजा के नए मॉडल की भूमिका महत्वपूर्ण रहने का अनुमान है।
कंपनी की कुल बिक्री में एसयूवी की हिस्सेदारी भी लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2022-23 में यह 12 प्रतिशत थी, जो अब चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बढ़कर करीब 30 प्रतिशत हो गई है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कुल 6,82,724 वाहन बेचे, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में बिकी 5,27,861 इकाइयों से अधिक है।
वहीं, कंपनी के ब्रेजा, अर्टिगा, ई-विटारा, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, विक्टोरिस और एक्सएल6 जैसे यूटिलिटी वाहनों की बिक्री बढ़कर 2,18,885 इकाई हो गई, जो एक साल पहले 1,61,868 इकाई थी।
भाषा राजेश
प्रेम रमण
रमण