नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) देश की अग्रणी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) ने तेजी से बढ़ते एसयूवी खंड में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए अगले पांच-छह साल में सात नए एसयूवी मॉ़डल पेश करने की योजना बनाई है।
एमएसआईएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने मंगलवार को एक निवेशक प्रस्तुति में यह जानकारी दी।
इसके साथ ही ताकेउची ने कहा कि कंपनी पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए शुरुआती स्तर वाली ‘सुजुकी की विशिष्ट’ कार भी पेश करेगी।
उन्होंने कहा, “भारतीय यात्री वाहन बाजार में स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बाजार हिस्सेदारी सुरक्षित करने के लिए मारुति सुजुकी अपने एसयूवी पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है।”
ताकेउची ने कहा कि कंपनी की अगले पांच-छह वर्षों में सात नई एसयूवी पेश करने की योजना है।
उन्होंने बताया कि भारतीय यात्री वाहन बाजार में एसयूवी मॉडल की हिस्सेदारी 2019 के 26.5 प्रतिशत से बढ़कर 2024 में 54.7 प्रतिशत हो गई, जो इस खंड की तेज वृद्धि को दर्शाता है।
एसयूवी बाजार में मारुति सुजुकी की हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2019-20 के 16.8 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 के पहले 11 महीनों में 19.6 प्रतिशत हो गई है। ताकेउची ने कहा कि यह बढ़ोतरी पिछले कुछ वर्षों में नए मॉडल पेश करने से संभव हुई है।
कंपनी के एसयूवी मॉडल में ई-विटारा, जिम्नी, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा और ब्रेजा शामिल हैं।
ताकेउची ने कहा कि मध्यम-अवधि की प्रबंधन योजना के तहत कंपनी मझोले और बड़े आकार के एसयूवी एवं एमपीवी खंड में अपने उत्पादों की संख्या बढ़ाएगी ताकि उपभोक्ताओं की बदलती पसंद पर खरा उतरा जा सके।
उन्होंने कहा कि कंपनी कार्बन निरपेक्षता की दिशा में इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड, सीएनजी और जैव-ईंधन जैसे ईंधन विकल्पों पर काम कर रही है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय