जयप्रकाश एसोसिएट्स के अधिग्रहण के लिए अदाणी समूह की 14,535 करोड़ रुपये की बोली को मंजूरी

Ads

जयप्रकाश एसोसिएट्स के अधिग्रहण के लिए अदाणी समूह की 14,535 करोड़ रुपये की बोली को मंजूरी

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने मंगलवार को दिवाला प्रक्रिया के तहत जयप्रकाश एसोसिएट्स लि. के अधिग्रहण के लिए अदाणी एंटरप्राइजेज लि. की 14,535 करोड़ रुपये की बोली को मंजूरी दे दी।

जयप्रकाश एसोसिएट्स लि. (जेएएल) ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, ‘‘एनसीएलटी की इलाहाबाद पीठ ने 17 मार्च, 2026 को अपने आदेश में अदाणी एंटरप्राइजेज की समाधान योजना को मंजूरी दी।’’

पिछले साल नवंबर में, कर्जदाताओं की एक समिति (सीओसी) ने जेएएल के अधिग्रहण को लेकर उद्योगपति गौतम अदाणी की समाधान योजना को मंजूरी दी थी।

अदाणी एंटरप्राइजेज ने दिवाला हो चुके बुनियादी ढांचा समूह जेएएल के 14,535 करोड़ रुपये के अधिग्रहण प्रस्ताव के लिए कर्जदाताओं की मंजूरी हासिल कर ली। उसने जेएएल के लिए सफल बोली लगाते हुए वेदांता और डालमिया भारत को पीछे छोड़ दिया है।

अदाणी एंटरप्राइजेज लि. (एईएल) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि ऋण शोधन एवं दिवाला अक्षमता संहिता 2016 (आईबीसी) के तहत कॉरपोरेट ऋण शोधन और समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के तहत आई कंपनी जेएएल की कर्जदाताओं की समिति ने एईएल की समाधान योजना को मंजूरी दे दी है।

अदाणी को कर्जदाताओं से अधिकतम 89 प्रतिशत वोट मिले। उसके बाद डालमिया सीमेंट (भारत) और वेदांता समूह का स्थान रहा।

रियल एस्टेट, सीमेंट विनिर्माण, होटल, बिजली और इंजीनियरिंग एवं निर्माण क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनी जेएएल को पिछले साल जून में 57,185 करोड़ रुपये के कर्ज के भुगतान में चूक के बाद दिवाला प्रक्रिया में शामिल किया गया था।

भाषा रमण अजय

अजय