मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया और इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) ने बुधवार को वैश्विक फिनटेक सम्मेलन में जिंस बाजार नवाचार परिषद बनाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
एक बयान के अनुसार, इस समझौते (एमओयू) के तहत, जिंस बाजार नवाचार परिषद (सीएमआईसी) भारत के जिंस-बाजार पारिस्थिकी तंत्र में नवाचार और बाजार के विकास के लिए सलाह देने वाले और उद्योग के नेतृत्व वाले मंच के तौर पर काम करेगी।
यह परिषद अगले तीन महीनों में बनाई जाएगी और साथ ही इसका एक चार्टर भी तैयार किया जाएगा जिसमें इसके ढांचे, प्राथमिकताओं और सालाना गतिविधियों के बारे में बताया जाएगा।
यह परिषद भागीदारी बढ़ाने, डिजिटल समाधान को सक्षम करने और भारत के जिंस बाजार के विकास में मदद करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रवीणा राय ने कहा, ‘‘सीएमआईसी फिनटेक और बाजार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े सभी लोगों को एक साथ मिलकर काम करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और ऐसे व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए एक मंच देगी जो भारत के जिंस-बाजार के विकास के अगले चरण में योगदान दे सकें।’’
वैश्विक फिनटेक सम्मेलन में हुए इस समझौते में नवाचार और प्रायोगिक परियोजनाओं के जरिये उद्योग की वास्तविक चुनौतियों का समाधान करने के लिए स्टार्टअप के साथ जुड़ने की योजना भी शामिल है।
आईएएमएआई के अध्यक्ष, सुभो रे ने कहा, ‘‘यह परिषद नवाचार को बढ़ावा देने और जिंस बाजार के विकास के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए भारत के प्रौद्योगिकी और बाजार पारिस्थिकी तंत्र की खूबियों को एक साथ लाएगी। हम एमसीएक्स और उद्योग से जुड़े लोगों के साथ मिलकर एक ऐसा सहयोगी मंच बनाने के लिए उत्सुक हैं जो नए विचारों, समाधान और अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करे।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय