एक ही दिन में खुले छह आईपीओ, तीन को मिला पूर्ण अभिदान

Ads

एक ही दिन में खुले छह आईपीओ, तीन को मिला पूर्ण अभिदान

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 07:36 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 07:36 PM IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी के बीच बुधवार को एक ही दिन में छह कंपनियों के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) खुले। इस बीच रेंटोमोजो, करमतारा इंजीनियरिंग और एलसीसी प्रोजेक्ट्स के आईपीओ को पहले ही दिन पूर्ण अभिदान मिल गया।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, स्टीमहाउस इंडिया के आईपीओ को 42 प्रतिशत और एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (इंडिया) लिमिटेड यानी आर्सिल के आईपीओ को 38 प्रतिशत अभिदान मिला। वहीं, मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस के आईपीओ को सबसे कमजोर प्रतिक्रिया मिली और इसे 17 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।

रियल एस्टेट कंपनी प्रणव कंस्ट्रक्शंस के 351 करोड़ रुपये के आईपीओ को अंतिम दिन 121 गुना अभिदान मिला। कंपनी को आईपीओ के तहत पेश 2.24 करोड़ शेयर के मुकाबले 272 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं। यह आईपीओ सात सितंबर को खुला और नौ सितंबर बंद हुआ था। इसके लिए मूल्य दायरा 118-124 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

छह कंपनियों के आईपीओ बुधवार को जबकि, तीन अन्य के आईपीओ एक दिन पहले खुले थे।

इन छह कंपनियों का आईपीओ 11 सितंबर को बंद होगा।

ऑनलाइन फर्नीचर और उपकरण किराये पर देने वाली कंपनी रेंटोमोजो के 1,256 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत पेश 2.18 करोड़ शेयर के मुकाबले 3.08 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं और इसे 1.42 गुना अभिदान मिला। कंपनी के आईपीओ का मूल्य दायरा 384-404 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

इस आईपीओ में 150 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 1,106 करोड़ रुपये मूल्य के 2.73 करोड़ शेयरों की बिक्री मौजूदा शेयरधारकों द्वारा की जाएगी।

करमतारा इंजीनियरिंग के 875 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत पेश 2.54 करोड़ शेयर के मुकाबले 3.22 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं और इसे 1.27 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। इसमें 675 करोड़ रुपये के नए शेयर और 200 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफसी) शामिल है। कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 241-254 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

गुजरात की एलसीसी प्रोजेक्ट्स के 427 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत पेश 2.09 करोड़ शेयर के मुकाबले 2.77 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं और इसे 1.32 गुना अभिदान मिला। कंपनी ने आईपीओ का मूल्य दायरा 139-146 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

औद्योगिक गैस उत्पादक कंपनी स्टीमहाउस इंडिया के आईपीओ के तहत पेश 3.76 करोड़ शेयर के मुकाबले 1.57 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं।

कंपनी इस आईपीओ के जरिये 414 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसमें 353 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 61 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

आर्सिल के आईपीओ के तहत पेश 3.7 करोड़ शेयर के मुकाबले 1.4 करोड़ शेयर के लिए बोलियां मिलीं और इसे 38 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। कंपनी ने अपने 733 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 132-139 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस के आईपीओ को 1.3 करोड़ शेयर के मुकाबले 21.91 लाख शेयर के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी के 805 करोड़ रुपये के इस आईपीओ का मूल्य दायरा 322-339 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

इसके अलावा, कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के आईपीओ को बोली के दूसरे दिन 10.22 गुना अभिदान मिला। कंपनी को आईपीओ के तहत पेश 1.17 करोड़ शेयर के मुकाबले 11.95 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इसका मूल्य दायरा 601-632 रुपये प्रति शेयर है।

प्रसोल केमिकल्स के आईपीओ को 72 प्रतिशत अभिदान मिला। कंपनी के आईपीओ में पेश 54.43 लाख शेयर के मुकाबले 39.43 लाख शेयर के लिए बोलियां मिलीं। इसके 500 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 643-676 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस आईपीओ में 80 करोड़ रुपये के नए शेयर और 420 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश शामिल है। ग्लास वॉल सिस्टम्स (इंडिया) लिमिटेड के 428 करोड़ रुपये के आईपीओ को 8.22 गुना अभिदान मिला। कंपनी को 1.64 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 13.53 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। कंपनी ने मूल्य दायरा 172-182 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इन तीनों आईपीओ के लिए बोली प्रक्रिया 10 सितंबर को समाप्त होगी।

भाषा यासिर अजय

अजय

अजय