शेयर बाजार में मामूली बढ़त; सेंसेक्स 43 अंक चढ़ा, निफ्टी स्थिर
शेयर बाजार में मामूली बढ़त; सेंसेक्स 43 अंक चढ़ा, निफ्टी स्थिर
मुंबई, 10 अगस्त (भाषा) वैश्विक स्तर पर अनश्चितता के कारण कच्चे तेल के भाव में तेजी के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को मामूली तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 43 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 13 अंक की तेजी रही।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 43.27 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 78,542.44 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 78,676.98 अंक तक गया और नीचे में 78,298.92 अंक तक आया। इस तरह कारोबार के दौरान इसमें 378.06 अंक का उतार-चढ़ाव रहा।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,583.80 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस के शेयरों में तेजी रही।
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक, इटर्नल, एनटीपीसी, आईटीसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.10 प्रतिशत बढ़कर 84.47 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी अनिश्चितता ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित किया। हालांकि, कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार धारणा को समर्थन मिला।’’
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका में रोजगार के उम्मीद से कमजोर आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की संभावनाओं को कम किया है। अब निवेशकों का ध्यान अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है, जो ब्याज दरों और बॉन्ड प्रतिफल की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.22 प्रतिशत लाभ में रहा जबकि छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सेलेक्ट मामूली 0.16 प्रतिशत के लाभ में रहा।
क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। इसमें 1.60 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु क्षेत्र में 1.21 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 0.47 प्रतिशत, औद्योगिक क्षेत्र में 0.41 प्रतिशत, केंद्रित आईटी सूचकांक में 0.34 प्रतिशत और आईटी क्षेत्र में 0.22 प्रतिशत की बढ़त रही।
वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के सूचकांक में 1.30 प्रतिशत की गिरावट आई। आवास वित्त क्षेत्र 0.59 प्रतिशत, ‘मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स क्वॉलिटी टिल्ट’ सूचकांक 0.55 प्रतिशत और मिडस्मॉल प्राइवेट बैंकों का सूचकांक 0.36 प्रतिशत नीचे रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 480.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार सोमवार को लगभग स्थिर रहे। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में घटनाक्रम को लेकर बनी अनिश्चितता ने अमेरिका के कमजोर रोजगार आंकड़ों से मिलने वाली सकारात्मक धारणा को कमजोर कर दिया। कमजोर रोजगार आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की कम सख्त नीति की उम्मीद बढ़ी है।’’
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका में इस सप्ताह महंगाई से के आंकड़े आने हैं। ऐसे में निवेशकों ने नए आर्थिक संकेतों के इंतजार में सतर्क रुख अपनाया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। वहीं, शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 455.59 अंक यानी 0.58 प्रतिशत टूटकर 78,499.17 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 65.35 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,570.65 अंक पर रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


