कानपुर, चार अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश को दवा निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण (जेएनपीए) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद और जेएनपीए के अध्यक्ष गौरव दयाल के बीच हुआ। इसका उद्देश्य उत्तर भारत के औद्योगिक क्षेत्रों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना है।
अधिकारियों के अनुसार, इस साझेदारी से प्रस्तावित ललितपुर फार्मा पार्क को अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्गों से सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे उसे एक वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
विजय किरण आनंद ने कहा कि ललितपुर फार्मा पार्क मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस योजना का अहम हिस्सा है, जिसके तहत उत्तर प्रदेश को स्वास्थ्य सेवा और दवा निर्माण के क्षेत्र में मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से निवेशकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी और समर्पित माल गलियारों के जरिए दवा उत्पाद तेजी से बाजार तक पहुंच सकेंगे।
समझौते के तहत दादरी-खुर्जा रेल मार्ग को पश्चिमी और पूर्वी समर्पित माल गलियारों से जोड़ा जाएगा। इससे एक आधुनिक बहु-माध्यम परिवहन व्यवस्था बनेगी, जिसके जरिए ललितपुर में बने दवा उत्पादों को सुरक्षित और कम लागत में देश के प्रमुख कंटेनर बंदरगाह तक पहुंचाया जा सकेगा।
भाषा पवनेश योगेश पाण्डेय
पाण्डेय