कोलकाता, 31 अगस्त (भाषा) कोलकाता के रेस्तरां फूड डिलिवरी ऐप के क्षेत्र में नए प्रतिस्पर्धा का इंतज़ार कर रहे हैं, क्योंकि शहर में एक शून्य-कमीशन मंच पेश होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हालांकि रैपिडो-समर्थित मंच के कोलकाता में पेश किये जाने की कोई समय-सीमा तय नहीं है, लेकिन इस घटनाक्रम ने शहर के रेस्तरां में काफी दिलचस्पी पैदा की है, जिन्होंने मौजूदा फूड डिलिवरी ऐप द्वारा लिए जाने वाले ज्यादा प्रभार के बारे में चिंता जताई है।
एक बयान के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ (एनआरएआई) के कोलकाता चैप्टर ने हाल ही में मंच के अधिकारियों के साथ कोलकाता में एक साझेदार सम्मेलन आयोजित किया जिसमें लगभग 120 रेस्तरां के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस सम्मेलन ने रेस्तरां मालिकों को मंच के अधिकारियों के साथ सीधे बातचीत करने और इसके काम करने के तरीके को समझने का मौका दिया।
अधिकारियों ने बताया कि नया ‘बोनली’ ऐप एक शून्य-कमीशन वाला फूड डिलिवरी मंच है जो रेस्तरां को पारंपरिक एग्रीगेटर द्वारा लिए जाने वाले पारंपरिक प्रतिशत-आधारित कमीशन का भुगतान किए बिना अपनी खाद्य-बिक्री से होने वाली कमाई को बनाए रखने में सक्षम बनाता है।
उन्होंने कहा कि इस मॉडल का उद्देश्य ऑनलाइन मेन्यू की कीमतों को ‘डाइन-इन’ दरों के करीब लाना है।
एनआरएआई के अधिकारियों ने उभरते मंच के लिए तीन मुख्य प्राथमिकताओं पर ज़ोर दिया जो हैं। इनमें शुल्क और कीमतों पर स्पष्ट लिखित शर्तें, स्थिर और अनुमानित संरचनाएं जो हर तिमाही में न बदलें, और डेटा साझा करने के साथ मिलकर सर्वोत्तम व्यवहार बनाना है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय