नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को बोली के पहले दिन 3.63 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के आईपीओ में 39,87,491 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,44,89,134 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 11.90 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) के लिए आरक्षित हिस्से को 3.76 गुना अभिदान मिला।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 82 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।
एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से 130.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
आईपीओ तीन अगस्त को बंद होगा। इसके लिए मूल्य दायरा 400-425 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
आईपीओ के तहत पूरी तरह नए शेयर जारी किए जाएंगे। नए शेयरों की बिक्री से कंपनी 290 करोड़ रुपये तक जुटाएगी।
कंपनी ने कहा कि आईपीओ से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कारोबार विस्तार और अन्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
मुंबई स्थित एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स रेलवे के रोलिंग स्टॉक में इस्तेमाल होने वाले विद्युत और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के डिजाइन, विकास, असेंबली तथा विनिर्माण के क्षेत्र में काम करती है।
भाषा
यासिर अजय
अजय