रुपये में लगातार पांचवें दिन तेजी, 26 पैसे की बढ़त के साथ 95.50 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपये में लगातार पांचवें दिन तेजी, 26 पैसे की बढ़त के साथ 95.50 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 09:16 PM IST

मुंबई, 30 जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में मजबूती के रुख और विदेशी पूंजी के प्रवाह के बीच रुपया लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 26 पैसों की बढ़त के साथ 95.50 प्रति डॉलर पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, डॉलर में नरमी से भी रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से इसकी तेजी सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.59 पर खुला और कारोबार के दौरान 95.50 से 95.75 के दायरे में कारोबार करता रहा। कारोबार के अंत में यह 95.50 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 26 पैसे की बढ़त है।

बुधवार को रुपया छह पैसे मजबूत होकर 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले 23 जुलाई को 96.73 के स्तर से शुरू होकर चार लगातार सत्रों में यह कुल 97 पैसे चढ़ा था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “बाजार की दिशा पर अमेरिका के अग्रिम जीडीपी आंकड़े, मुख्य उपभोक्ता व्यय मूल्य सूचकांक और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों का असर पड़ सकता है। डॉलर-रुपये का हाजिर भाव 95.40 से 96 के दायरे में रह सकता है।”

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.67 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.12 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 90.63 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गई हैं।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 273.55 अंक यानी 0.35 प्रतिशत चढ़कर 77,928.15 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 24,317.15 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय