एयर इंडिया के नये सीईओ ने दिल्ली, मुंबई का दौरा किया, एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात

Ads

एयर इंडिया के नये सीईओ ने दिल्ली, मुंबई का दौरा किया, एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात

  •  
  • Publish Date - August 14, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - August 14, 2026 / 05:47 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) अगले महीने एयर इंडिया की कमान संभालने जा रहे टेवोल्दे गेब्रेमरियम ने सीईओ और प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त होने के बाद अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान इस सप्ताह एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं।

अधिकारियों ने बताया कि गेब्रेमरियम ने दिल्ली और मुंबई का दौरा किया तथा एयरलाइन और टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं।

विमानन उद्योग के दिग्गज और इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के पूर्व प्रमुख गेब्रेमरियम, कैंपबेल विल्सन की जगह सीईओ और एमडी का पदभार संभालेंगे।

वह ऐसे समय में टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन का कार्यभार संभालेंगे, जब वह कई बाहरी चुनौतियों के बीच महत्वाकांक्षी विस्तार योजनाओं पर काम कर रही है।

एयर इंडिया ने एक विशेष बोर्ड समिति की देखरेख में व्यापक खोज के बाद पांच अगस्त को गेब्रेमरियम की नियुक्ति की घोषणा की थी।

उनके पास इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के साथ काम करने का लगभग चार दशकों का अनुभव है, जिसमें 11 वर्षों से अधिक समय तक वह इसके सीईओ रहे। इस समय वह डेल्टा एयरलाइंस के साथ ही आईएफसी/विश्व बैंक समूह के वरिष्ठ रणनीतिक सलाहकार हैं।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण