भारत, ईएईयू के बीच व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की वार्ता जून में संभव: अधिकारी

भारत, ईएईयू के बीच व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की वार्ता जून में संभव: अधिकारी

भारत, ईएईयू के बीच व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की वार्ता जून में संभव: अधिकारी
Modified Date: April 27, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: April 27, 2026 8:11 pm IST

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) भारत और रूस के नेतृत्व वाले समूह ईएईयू के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की वार्ता जून में मॉस्को में होने की उम्मीद है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भारत और पांच देशों के समूह- यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (ईएईयू) ने पिछले साल 20 अगस्त को इस समझौते के लिए नियम एवं शर्तों पर हस्ताक्षर किए थे। वार्ता का पहला दौर नवंबर 2025 में यहां आयोजित किया गया था।

अधिकारी ने कहा, ”अगले दौर की वार्ता के लिए भारतीय दल जून में यात्रा कर सकता है। उस बैठक में गैर-व्यापारिक उपायों से संबंधित मुद्दों के शामिल होने की संभावना है।”

नियम एवं शर्तों में 18 महीने की कार्ययोजना की रूपरेखा दी गई है, जिसका मकसद एमएसएमई, किसानों और मछुआरों सहित भारतीय व्यवसायों के लिए बाजारों का विविधीकरण करना है। ईएईयू में रूस, आर्मेनिया, बेलारूस, कजाकिस्तान और किर्गिस्तान शामिल हैं।

यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण है क्योंकि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण भारत अपने निर्यात बाजारों में विविधता लाने की कोशिश कर रहा है।

रूस इस समूह में भारत का शीर्ष व्यापारिक भागीदार है, जिसके साथ 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 68.72 अरब डॉलर (निर्यात 4.88 अरब डॉलर और आयात 63.84 अरब डॉलर) का था।

पिछले वित्त वर्ष में द्विपक्षीय व्यापार आर्मेनिया के साथ 31.51 करोड़ डॉलर, बेलारूस के साथ 10.66 करोड़ डॉलर, कजाकिस्तान के साथ 34.94 करोड़ डॉलर और किर्गिस्तान के साथ 5.67 करोड़ डॉलर था।

अधिकारी ने यह भी कहा कि ओमान की टीम अगले महीने भारत का दौरा कर सकती है, ताकि पिछले साल दिसंबर में हस्ताक्षरित व्यापार सौदे को लागू करने से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जा सके।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में