मुंबई, दो जून (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए और चार दिन की गिरावट का सिलसिला थम गया। सेंसेक्स में 382 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 101 चढ़कर बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 382.50 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 74,649.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स अपने निचले स्तर 73,815.12 अंक से 1,047.07 अंक उछलकर 74,862.19 अंक तक चला गया था। सूचकांक के 30 में से 20 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 100.95 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 23,483.55 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में सर्वाधिक 6.53 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इन्फोसिस में 5.66 प्रतिशत, एचसीएल टेक में 4.08 प्रतिशत और टेक महिंद्रा में 1.76 प्रतिशत की बढ़त रही।
इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी लाभ में रहे।
दूसरी तरफ एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार में शुरुआती गिरावट के बाद आईटी शेयरों में तेजी से सुधार आया। बड़ी कंपनियों में निवेशकों की खरीदारी से यह संकेत मिलता है कि मौजूदा मूल्यांकन स्तर निवेशकों को आकर्षक लग रहे हैं।’’
आईटी कंपनियों में तेजी के दम पर बीएसई आईटी सूचकांक 4.40 प्रतिशत चढ़ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 93.76 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे जबकि जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी देखी गई। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘आईटी क्षेत्र में तेज उछाल बाजार में आए सुधार का मुख्य कारण रहा। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों के मजबूत नतीजों और सकारात्मक परिदृश्य से समर्थन मिला है।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,911.68 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।
सोमवार को सेंसेक्स 508.40 अंक गिरकर 74,267.34 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 165.15 अंक टूटकर 23,382.60 अंक पर आ गया था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय