नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई), डिजिटल व्यवसाय एवं प्रौद्योगिकी सेवाओं की वैश्विक प्रदाता एनटीटी डेटा और दूरसंचार उपकरण कंपनी एरिक्सन ने उद्यमों में निजी 5जी को अपनाने को बढ़ावा देने और उन्नत ‘एज एआई’ एवं ‘फिजिकल एआई’ उपयोग मामलों को सक्षम करने के लिए बहुवर्षीय साझेदारी की शुक्रवार को घोषणा की।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह साझेदारी एआई-चालित, परिणाम-केंद्रित परिवर्तन को सक्षम करेगी। यह साझेदारी चार प्राथमिक क्षेत्रों पर केंद्रित है, जिनमें वैश्विक निजी 5जी प्रबंधित सेवाएं शामिल हैं। इसके तहत एनटीटी डेटा, एरिक्सन के लिए वैश्विक प्रणाली एकीकरण और प्रबंधित सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेगा।
इसके अतिरिक्त, एनटीटी डेटा के ‘एज एआई एजेंट’, एरिक्सन के एंटरप्राइज एज मंच पर संचालित होंगे। इससे डेटा उत्पन्न होने वाले स्थान पर ही वास्तविक समय की बुद्धिमत्ता एवं स्वायत्त निर्णय-निर्माण संभव होगा।
‘एज एआई’ से तात्पर्य एआई एल्गोरिदम को सीधे उन्हीं उपकरणों (जैसे स्मार्टफोन, कैमरा या सेंसर) पर चलाना है जहां डेटा उत्पन्न हो रहा है न कि उसे किसी दूर स्थित क्लाउड सर्वर पर भेजना।
‘फिजिकल एआई’ उन प्रणालियों को संदर्भित करता है जो केवल डेटा का विश्लेषण या उत्तर नहीं देतीं, बल्कि भौतिक दुनिया में कार्य भी करती हैं।
भाषा निहारिका
निहारिका