ओला इलेक्ट्रिक को जून तिमाही में बिक्री दोगुना होने की उम्मीद

Ads

ओला इलेक्ट्रिक को जून तिमाही में बिक्री दोगुना होने की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 03:05 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 03:05 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) इलेक्ट्रिक दोपहिया विनिर्माता ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री में अप्रैल-जून तिमाही में मजबूत सुधार के संकेत मिले हैं। चालू तिमाही में अब तक लगभग 22,600 इकाइयों का पंजीकरण हुआ है, जो जनवरी-मार्च की पूरी तिमाही के 22,221 इकाई पंजीकरण से अधिक है।

कंपनी ने वाहन पंजीकरण के सरकारी पोर्टल ‘वाहन’ पर उपलब्ध आंकड़ों के हवाले से यह जानकारी दी है।

मौजूदा रुझान जारी रहने पर यह पिछली तिमाही के मुकाबले लगभग दोगुनी वृद्धि का संकेत देता है। जून तिमाही खत्म होने में अभी करीब 40 दिन बाकी हैं।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए 40,000-45,000 ऑर्डर और 500-550 करोड़ रुपये के एकीकृत राजस्व का अनुमान दिया है।

ओला इलेक्ट्रिक के संस्थापक एवं चेयरमैन भाविश अग्रवाल ने तिमाही नतीजों पर चर्चा के दौरान कहा कि मासिक पंजीकरण मार्च के करीब 10,000 इकाई से बढ़कर अप्रैल में लगभग 12,000 इकाई हो गया। मई में इसके 14,000-15,000 इकाई रहने का अनुमान है।

शेयरधारकों को लिखे पत्र में कंपनी ने बताया कि अप्रैल में पंजीकरण 20 प्रतिशत बढ़कर 12,166 इकाई हो गया, जबकि इसी दौरान इलेक्ट्रिक दोपहिया उद्योग में 22 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

कंपनी के अनुसार, साप्ताहिक पंजीकरण रुझान में सुधार यह दिखाता है कि वृद्धि केवल अस्थायी नहीं, बल्कि परिचालन में स्थायी सुधार का संकेत है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय