ओएनजीसी का पहली तिमाही का मुनाफा दोगुने से अधिक होकर 17,033 करोड़ रुपये पर

Ads

ओएनजीसी का पहली तिमाही का मुनाफा दोगुने से अधिक होकर 17,033 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:36 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:36 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में दोगुने से अधिक होकर 17,033.81 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बल पर कंपनी के मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

ओएनजीसी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 8,024.23 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के 6,649.97 करोड़ रुपये की तुलना में भी काफी अधिक रहा।

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 48,321.65 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 33,213.39 करोड़ रुपये थी।

कर पूर्व लाभ भी बढ़कर तिमाही के आधार पर 22,848 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड पर पहुंच गया।

कंपनी ने कहा कि नामित क्षेत्रों से कच्चे तेल की औसत प्राप्ति बढ़कर 99.45 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 66.13 डॉलर प्रति बैरल थी। इससे कंपनी की आमदनी बढ़ी।

नए गैस कुओं से उत्पादन ने भी आय में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कंपनी के नामित गैस पोर्टफोलियो से होने वाली आय में इसकी हिस्सेदारी लगभग 38 प्रतिशत रही।

इस दौरान नए गैस कुओं से 3,998 करोड़ रुपये की आय हुई, जो सरकारी मूल्य तंत्र (एपीएम) द्वारा तय कीमत की तुलना में 1,897 करोड़ रुपये अधिक रही।

अप्रैल-जून तिमाही में तेल और गैस का कुल उत्पादन लगभग स्थिर रहा। हालांकि, कच्चे तेल का उत्पादन घटकर 44.5 लाख टन रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 46.8 लाख टन था। प्राकृतिक गैस का उत्पादन भी मामूली रूप से घटकर 4.76 अरब घन मीटर रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4.85 अरब घन मीटर था।

कंपनी ने उत्पादन में कमी के लिए केजी-98/2 ब्लॉक में भंडार संबंधी जटिलताओं, पश्चिमी अपतटीय क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, पाइपलाइन बदलने वाली परियोजनाओं में देरी और प्रमुख परियोजनाओं को शुरू करने के लिए अस्थायी तौर पर बंदी को जिम्मेदारी ठहराया।

भाषा यासिर अजय

अजय