आठ मुख्य उद्योगों का उत्पादन जनवरी में 0.1 प्रतिशत बढ़ा

Ads

आठ मुख्य उद्योगों का उत्पादन जनवरी में 0.1 प्रतिशत बढ़ा

  •  
  • Publish Date - February 26, 2021 / 04:43 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:15 PM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) आठ बुनियादी उद्योगों का उत्पादन इस साल जनवरी महीने में मामूली रूप से 0.1 प्रतिशत बढ़ा। मुख्य रूप से उर्वरक, इस्पात और बिजली के उत्पादन में वृद्धि के कारण औद्योगिक उत्पादन बढ़ा है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी शुरूआती आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2020 में इन क्षेत्रों के उत्पादन में 2.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

जनवरी 2021 में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद और सीमेंट के उत्पादन में गिरावट आयी।

हालांकि, उर्वरक, इस्पात और बिजली के उत्पादन में क्रमशः 2.7 प्रतिशत, 2.6 प्रतिशत और 5.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

अप्रैल-जनवरी 2020-21 के दौरान, इन क्षेत्रों का उत्पादन 8.8 प्रतिशत गिरा जबकि साल भर पहले इसी अवधि में 0.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

आठ प्रमुख उद्योगों का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 40.27 प्रतिशत योगदान है।

इन बुनियादी उद्योगों में दिसंबर 2020 में 0.20 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

आंकड़ों पर अपनी प्रतिक्रिया में इक्रा की प्रधान अर्थशास्त्री अदित नायर ने कहा कि बुनियादी क्षेत्र, वस्तु निर्यात और वाहन उत्पादन के उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर हमारा अनुमान है कि औद्योगिक उत्पादन सूचकांक जनवरी 2021 में 0.5 से 1.5 प्रतिशत के बीच रहेगा।

उन्होंने कहा कि जनवरी 2021 में लगातार दूसरे महीने में इस्पात उत्पादन में हल्की वृद्धि हुई है। वहीं सीमेंट उत्पादन में गिरावट नरम पड़ी है।

भाषा

रमण मनोहर

मनोहर