नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) ने बृहस्पतिवार को सादिया जाहिदी को अपना अगला महानिदेशक नियुक्त करने की घोषणा की।
वह विली वॉल्श का स्थान लेंगी, जो अगले महीने इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पद संभालने वाले हैं।
स्विट्जरलैंड और पाकिस्तान की नागरिकता रखने वाली जाहिदी आईएटीए की पहली महिला महानिदेशक होंगी। आईएटीए दुनियाभर की 370 से अधिक एयरलाइंस का प्रतिनिधित्व करता है।
जाहिदी वर्तमान में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) में प्रबंध निदेशक और प्रबंधन बोर्ड की सदस्य हैं।
आईएटीए ने बयान में कहा कि जाहिदी संघ की नौवीं महानिदेशक होंगी और इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला होंगी। वह एक नवंबर से अपना कार्यभार संभालेंगी।
विली वॉल्श 31 जुलाई को आईएटीए में अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएंगे। इस अंतरिम अवधि के लिए आईएटीए के निदेशक मंडल ने संगठन की मुख्य वित्त अधिकारी और कॉरपोरेट सेवाओं की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सैंड्रिन ले बॉर्ग्ने को अंतरिम महानिदेशक नियुक्त किया है।
जाहिदी ने कहा कि वह सदस्य एयरलाइन कंपनियों, सरकारों और अन्य भागीदारों के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य आईएटीए की मजबूत नींव को आगे बढ़ाना, विमानन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना, उसकी क्षमता को मजबूत करना और सतत वृद्धि को आगे ले जाना है।
भाषा योगेश अजय
अजय