पीएंडजी ने भारतीय मूल के शैलेश जेजुरिकर को चेयरमैन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी

Ads

पीएंडजी ने भारतीय मूल के शैलेश जेजुरिकर को चेयरमैन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 07:52 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली अमेरिकी कंपनी प्रॉक्टर एंड गैंबल (पीएंडजी) ने भारतीय मूल के शैलेश जेजुरिकर को कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया है। वह एक अगस्त, 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

पीएंडजी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि जेजुरिकर को उनके मौजूदा अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद के अलावा चेयरमैन पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही है।

कंपनी के मौजूदा कार्यकारी चेयरमैन जॉन मोएलर 31 जुलाई, 2026 को निदेशक मंडल और 14 अगस्त, 2026 को पीएंडजी से सेवानिवृत्त होंगे।

भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) लखनऊ के पूर्व छात्र जेजुरिकर उन चुनिंदा भारतीय मूल के अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने अमेरिका की बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष तक अपनी जगह बनाई है।

जेजुरिकर ने वर्ष 1989 में पीएंडजी में काम शुरू किया था और 2014 से वह कंपनी की वैश्विक नेतृत्व टीम के सदस्य रहे हैं। इसी साल की शुरुआत में उन्हें कंपनी का अध्यक्ष एवं सीईओ नियुक्त किया गया था।

करीब चार दशक के अपने सेवाकाल में उन्होंने पीएंडजी के विभिन्न उत्पाद वर्गों, कारोबारी क्षेत्रों और भौगोलिक बाजारों में कई नेतृत्व भूमिकाएं निभाई हैं।

पीएंडजी के प्रमुख ब्रांड में एरियल, टाइड, व्हिस्पर, ओले, जिलेट, पैम्पर्स, पैंटीन, ओरल-बी, हेड एंड शोल्डर्स और विक्स शामिल हैं।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम