मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) देश में एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) भुगतान के क्षेत्र में सबसे बड़ी बाजार हिस्सेदारी रखने वाली वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी फोनपे ने बुधवार को कहा कि वह जल्द ही संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अपना परिचालन शुरू करेगी। कंपनी पहली बार विदेश में काम करने जा रही है।
फोनपे के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समीर निगम ने ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ से इतर पत्रकारों से कहा कि कंपनी को यूएई के केंद्रीय बैंक से लाइसेंस मिल गया है और जल्द ही वहां सेवाएं शुरू की जाएंगी।
निगम ने कहा, ‘‘फोनपे यूएई में अपना स्थानीय कारोबार शुरू करेगी और यह हमारा पहला विदेशी बाजार होगा।’’ उन्होंने कहा कि अगले 10 साल में यह एक वैश्विक कारोबार के रूप में उभरेगा।
उन्होंने बताया कि इस लाइसेंस के जरिये फोनपे कई तरह की सेवाएं शुरू कर सकेगी। इनमें अपना डिजिटल वॉलेट, गिफ्ट कार्ड, प्रवासी भारतीयों के लिए धन भेजने की सुविधा और स्थानीय व्यापारियों के लिए भुगतान स्वीकार करने की सेवाएं शामिल हैं।
निगम ने कहा, ‘‘अगर आप यूएई के नागरिक हैं तो उम्मीद है कि निकट भविष्य में आप यूएई के बिक्री केंद्र (पीओएस) मशीनों पर भुगतान कर सकेंगे और भारत में पैसे भी भेज सकेंगे।’’
आईपीओ लाने की तैयारी कर रही कंपनी के सीईओ ने भारत में यूपीआई पर निश्चित राशि से अधिक (एमडीआर) के लेनदेन पर लगने वाले शुल्क के सवाल पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि एमडीआर को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही वह शेयर बिक्री के बारे में बात कर सकेंगे।
भाषा यासिर अजय
अजय