नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ‘रोजगार मेला’ के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव-नियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र डिजिटल माध्यम से वितरित करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप यह रोजगार मेला एक महत्वपूर्ण पहल है।
बयान के अनुसार, इस पहल की शुरुआत के बाद से अब तक देशभर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी 19वें रोजगार मेला के तहत डिजिटल माध्यम से 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र युवाओं को सौंपेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “देशभर के अपने युवा साथियों के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तीकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। इसी दिशा में कल सुबह 11 बजे मैं एक और रोजगार मेले में वर्चुअल माध्यम से भाग लूंगा, जहां मुझे विभिन्न सरकारी विभागों के लिए युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का सौभाग्य मिलेगा।”
रोजगार मेला देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।
बयान में कहा गया कि भारत के विभिन्न हिस्सों से चयनित अभ्यर्थी रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
भाषा योगेश रमण
रमण