पावरग्रिड बॉन्ड के जरिये जुटाएगी 2,250 करोड़ रुपये

Ads

पावरग्रिड बॉन्ड के जरिये जुटाएगी 2,250 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - September 25, 2023 / 03:39 PM IST,
    Updated On - September 25, 2023 / 03:39 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी पावरग्रिड कॉरपोरेशन ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण के लिए बॉन्ड जारी कर 2,250 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

पावरग्रिड कॉरपोरेशन ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि बॉन्ड पर गठित निदेशकों की समिति ने 25 सितंबर को हुई बैठक में दूसरी किस्त में वित्त वर्ष 2023-24 में 2,250 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

बॉन्ड के जरिये जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल कंपनी की पूंजीगत जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। इसके अलावा अगले 10 साल में चार परिचालन एसपीवी (विशेष उद्देश्य से गठित इकाइयों) की नकदी जरूरतों के लिए भी इस राशि का इस्तेमाल किया जाएगा।

पावरग्रिड बॉन्ड- 74वां निर्गम 2023-24 का आधार निर्गम आकार 500 करोड़ रुपये का है और 1,750 करोड़ रुपये का अलग से ग्रीन शू विकल्प रखा गया है। इस बॉन्ड को 10 समान किस्तों में भुनाया जा सकता है और इस पर सालाना आधार पर ब्याज दिया जाएगा।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय