नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) पर्पल स्टाइल लैब्स लिमिटेड ने अपने 680 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 546-575 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
लग्जरी एवं प्रीमियम फैशन मंच पर्नियाज पॉप-अप शॉप की मूल कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि आईपीओ 31 अगस्त को खुलेगा और दो सितंबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 28 अगस्त को बोली लगा पाएंगे।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष दाखिल दस्तावेज के अनुसार, आईपीओ पूरी तरह से 680 करोड़ रुपये के नए शेयर के निर्गम पर आधारित है। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई घटक शामिल नहीं है।
कंपनी आईपीओ से जुटाई गई राशि में से 371.13 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी पीएसएल रिटेल में निवेश करने के लिए करेगी जबकि 138.90 करोड़ रुपये बिक्री एवं विपणन खर्चों के लिए रखे जाएंगे। शेष राशि का उपयोग सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा।
भाषा निहारिका
निहारिका