मेक्सिको के सीमावर्ती शहर में अमेरिका की सुरक्षा चेतावनी, वाणिज्य दूतावास की गतिविधियां निलंबित

Ads

मेक्सिको के सीमावर्ती शहर में अमेरिका की सुरक्षा चेतावनी, वाणिज्य दूतावास की गतिविधियां निलंबित

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 11:51 AM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 11:51 AM IST

मेक्सिको सिटी, 26 अगस्त (एपी) अमेरिका ने उत्तरी मेक्सिको के सीमावर्ती शहर मेक्सिकाली की यात्रा की योजना बना रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है और ‘‘संभावित खतरे’’ के मद्देनजर शहर में वाणिज्य दूतावास की गतिविधियां अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।

सोमवार रात जारी सूचना में कहा गया कि ‘‘खतरे’’ से संबंधित जानकारी मिलने के कारण बाजा कैलिफोर्निया राज्य की राजधानी मेक्सिकाली में वाणिज्य दूतावास की गतिविधियां और यात्रा निलंबित कर दी गई हैं। मेक्सिकाली अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के शहर कैलेक्सिको के सामने सीमा के दूसरी ओर स्थित है।

अमेरिका ने खतरे की प्रकृति या इसके लक्ष्य के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उसने केवल अपने नागरिकों को सरकारी इमारतों से दूर रहने, किसी घटना की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने और अपने आसपास के माहौल के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने मंगलवार को कहा कि ‘‘एक आपराधिक समूह की संभावित गतिविधि’’ को लेकर चेतावनी जारी की गई थी और यह रिपोर्ट अमेरिकी एजेंसियों से मिली जानकारी पर आधारित थी।

शीनबाम ने सुबह के अपने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इस बारे में कोई और जानकारी नहीं है कि यह चेतावनी किस चीज को लेकर हो सकती है, लेकिन मेक्सिकाली में सतर्क रहने और निगरानी बनाए रखने की जरूरत है।’’

मंगलवार को पूरे दिन शहर में स्थिति शांत रही। बाद में दोपहर में शीनबाम के सुरक्षा मंत्रिमंडल ने एक बयान में कहा कि अधिकारियों को ‘‘ऐसे किसी तत्व की जानकारी नहीं मिली है जो आम लोगों के लिए किसी विशिष्ट या आसन्न खतरे की पुष्टि करता हो।’’ हालांकि, एहतियाती कदम के तौर पर मेक्सिकाली में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।

मेक्सिकाली की आबादी 10 लाख से अधिक है। यह मेक्सिको-अमेरिका सीमा पर स्थित सबसे अधिक आबादी वाले शहरों में से एक है और कैलेक्सिको के साथ अपने करीबी वाणिज्यिक एवं सामाजिक संबंधों के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

एपी मनीषा वैभव

वैभव